रायपुर. कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच इसके संक्रमण को कम करने और जागरूकता को लेकर भी नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इस दिशा में खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह ने भी एक प्रयास किया है। उन्होंने क्रिकेट की भाषा में कोरोना संक्रमण से बचने की समझाइश दी है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ है।
देवव्रत कह रहे हैं कि कोरोना से बड़ी लड़ाई लड़नी है। इसे ट्वंटी-20 का मैच नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह टेस्ट मैच की लंबी श्रृंखला है, जिसे हम सभी को मिलकर जीतना है। उन्होंने समझाने की कोशिश की है कि जिस तरह क्रिकेट के मैदान में उतरने से पहले बैट्स मैन खुद को सुरक्षित करता है ताकि व तेज गेंदों का सामना कर सके। उसे चोट न लगे। वह क्लब्स पहनता है। हेलमेट लगाता है। इसके बाद बैटिंग करता है। ठीक इसी तरह बाहर निकलने से पहले मास्क जरूर पहनें। खुद को सैनेटाइज करना न भूलें। हो सके तो क्लब्स भी पहनें।
मुख्यमंत्री को बताया चुस्त फील्डर
जोगी कांग्रेस के विधायक देवव्रत सिंह ने अपने वीडियो में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की तारीफ की है। मुख्यमंत्री को उन्होंने चुस्त फील्डर बताया है। वे बोले- ‘मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने बहुत ही चुस्त फील्डिंग की और राज्य की बाउंड्री को सुरक्षित रखा है। उसके बाद बैटिंग करते हुए बिना कोई विकेट गिरे मजबूत नींव रखा है।’
प्रदेशवासियों को सलाह- क्रीज के अंदर रहकर ही करें बैटिंग
इन सारी बातों के बीच उन्होंने क्रिकेट की भाषा में उन्होंने समझाया कि घर में रहकर ही इस मैच को जीता जा सकता है। वे बोले- ‘बिना आपके इस मैच को नहीं जीता जा सकता। हमें इस मैच को जीतना है, लेकिन इतना याद रहे कि क्रीज के अंदर रहकर ही बैटिंग करनी होगी।’
यहां देखें वीडियो, सुनें क्या कहा है देवव्रत ने
रागनीति के ताजा अपडेट के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें और ट्वीटर पर हमें फालो करें।