Print this page

भीतर बंटे कंबल और बाहर गुनगुनी धूप में गरमाया नाले का मुद्दा

By December 23, 2018 800 0

एक्शन vs रिएक्शन मोड / प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष एक्शन मोड में हैं। इस पर पार्षदों का रिएक्शन भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को नगर पालिका के भीतर ठंड से बचने कंबल बांटे जा रहे थे और बाहर गुनगुनी धूप का मजा ले रहे पार्षदों के बीच छिड़ा था 22 लाख के नाले का मुद्दा।

 

नियाव@ खैरागढ़

सुबह तकरीबन साढ़े 11 बजे टिकवारापारा निवासी भागवत राजपूत नगर पालिका पहुंचे। उन्होंने सीएमओ पीएस सोम को अपनी पीड़ा बताई। फिर कहा कि नाले का काम जल्द से जल्द शुरू होना चाहिए। सोम के आश्वासन देने पर वे वहां से चले गए। लगभग एक घंटे बाद इसी मुद्दे को लेकर पालिका के बाहर कुर्सी लगाकर बैठे पार्षदों के बीच बहस छिड़ी।


चर्चा चल ही रही थी कि ठेकेदार जागेश्वर शर्मा भी वहां आ पहुंचा। उपाध्यक्ष रामाधार रजक ने उसे दो टूक कहा कि जल्द काम शुरू नहीं किया तो विरोध का सामना करना पड़ेगा। आखिर उन्हें भी जनता को जवाब देना है। इस दौरान मौके पर पार्षद कमलेश कोठले, सुबोध पांडेय, सोनू ढीमर, शेष नारायण यादव, पुरुषोत्तम वर्मा, आलोक श्रीवास आदि मौजूद रहे।


पिचिंग के लिए नहीं मिल रहे पत्थर / चर्चा के दौरान ठेकेदार शर्मा ने बताया कि नाले की पिचिंग के लिए आसपास पत्थर नहीं मिल रहा है। उन्हें राजपुर से लाना पड़ेगा। हालांकि बेस मजबूत बनाने के बावजूद दरार आने की आशंका रहेगी। इससे बेहतर होता कि यह काम कांक्रीट से किया जाता।


शुरू से बरती जा रही लापरवाही / फरवरी में राशि स्वीकृत हुई। मई में टेंडर निकाला गया। इसके बावजूद आज तक नाले का निर्माण नहीं हो सका है। चार माह पहले हुई पांच दिनों की बारिश के बाद पानी घरों में घुसा तो ठेकेदार की लापरवाही सामने आई। उसने आधा गड्‌ढा खोदकर यूं ही छोड़ दिया। अफसर भी कड़ाई नहीं कर सके।


परिषद की बैठक नहीं होने से बिगड़ रहे हालात / चुनाव से पहले 8 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद की बैठक तय थी, लेकिन आचार संहिता के चलते टल गई। इसमें 17 विषयों को लेकर चर्चा होनी है, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद भी बैठक को लेकर किसी तरह की तत्परता नहीं दिखाई जा रही है। इससे हालात बिगड़ रहे हैं।


पिपरिया में किया भूमिपूजन / इधर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा गुलाब चोपड़ा ने वार्ड-2 पिपरिया में तकरीबन चार लाख की लागत से बनने वाले नाली व कांक्रीटीकरण का शनिवार को भूमिपूजन किया। इस दौरान पार्षद शैलेंद्र वर्मा सहित वार्डवासी वहां मौजूद रहे।


और इसे भी पढ़ें...

 

Rate this item
(0 votes)
Last modified on Thursday, 09 January 2020 12:07
वेब एडमिन

Latest from वेब एडमिन

Related items