स्टार प्रचारक की सभा फेल / अतरिया की पहली आमसभा में कमजोर दिखा भाजपा का मैनेजमेंट। 50x50 के पंडाल में बैठे दिखे सात-आठ सौ मतदाता।

नियाव@ खैरागढ़

जहां पूरा चुनाव जातिवाद के बूते लड़ा जा रहा हो वहां स्टार प्रचारक की पहली आमसभा में गिनती के ग्रामीणों का जुटना मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना। खुद केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी उखड़ी दिखीं। सोमवार दोपहर तकरीबन 1 बजे सभा स्थल पर आते ही सबसे पहले मंच का नुक्स निकाला। फिर स्वागत-सत्कार की औपचारिकता निभाए बिना माइक थाम पौराणिक कथाओं से भाषण की शुरुआत कर दी।

भाजपा की फायर ब्रांड नेता का प्रवचन वाला अंदाज मतदाताओं के गले नहीं उतरा। हालांकि इसी अंदाज को बरकरार रखते हुए उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसे। उनका नाम लिए बिना बोलीं- कांग्रेस के कई चुनाव के टाइम ही भगवान याद आते हैं। मैंने कार्यकताओं से कहा है कि उन पर टिप्पणी मत करो। भगवान सब जानते हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं के फायदे भी गिनाए। भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश गुप्ता का कहना है कि धान कटाई के कारण सभा में भीड़ कम रही।

 

जानिए केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में और क्या-क्या कहा:-

जनता के लिए / भगवान को प्रेम से पुकारो तो वे मिल जाते हैं। भाजपा जनता को ईश्वर का रूप मानती है।

युवाओं के लिए / जो डॉक्टर-इंजीनियर नहीं बन सके, उन्हीं के लिए केंद्र सरकार ने कौशल विकास योजना बनाई है। इससे युवाओं को रोजगार मिला।

सरकार के लिए / छत्तीसगढ़ का यह 16वां साल है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान की सरकारें तो अभी हिरण की तरह छलांगे मारने वाली हैं।

 

कश्मीर का किस्सा सुनाकर बोलीं- हम हैं भारत माता के पुजारी

 

हैलीकाप्टर उड़ा और 10 मिनट बाद फिर लौटा

सभा के बाद उमा का हैलीकॉप्टर उन्हें लेकर उड़ा और 10 मिनट बाद फिर से लैंडिंग हुई। मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने बताया कि उन्हें मां बम्लेश्वरी का दर्शन करने डोंगरगढ़ जाना था। वहां से वे बाय रोड नागपुर के लिए रवाना हो गईं।

नीचे बैठे कोमल, उमा ने नहीं लिया नाम

आचार संहिता के चलते सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल जनता के साथ नीचे बैठे दिखे। उमा ने मंच से केवल भाजपा को वोट देने की अपील की। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, वीरेंद्र जैन, विकेश गुप्ता, राकेश गुप्ता, प्रकाश सिंह, मोंगरा वर्मा आदि मौजूद रहे।

31 को पैलीमेटा में आएंगे सीएम

इधर जंगलपट्‌टी में मंगलवार को साल्हेवारा में अजीत जोगी की सभा के बाद पैलीमेटा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी आमसभा को संबोधित करेंगे। गंडई क्षेत्र में सांसद अभिषेक सिंह का कार्यक्रम भी तय है।

 

 

और इसे भी पढ़ें...

15 में से 8 लोधी, इनमें से भी 6 जंघेल, उमा को कमल की कमान और साधना कसेंगी बागियों पर नकेल